विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर ‘आत्म अवलोकन’- इमोशनल लैब का हुआ शुभारंभ

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर ‘आत्म अवलोकन’- इमोशनल लैब का हुआ शुभारंभ 
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर में दिनांक 10 अक्टूबर, 2026 को सेंटर फॉर काउंसलिंग एंड गाइडेंस ने मनोविज्ञान विभाग के सहयोग से ‘आत्म अवलोकन’- इमोशनल लैब का शुभारंभ किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की निदेशक डॉ. रश्मि चतुर्वेदी एवं प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने लैब का उद्घाटन किया। यह पहल छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उनके भावनात्मक कल्याण को प्रोत्साहित करने की दिशा में संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इमोशनल लैब में छात्राओं के लिए विभिन्न सरल एवं रोचक गतिविधियों की व्यवस्था की गई है। इनमें क्ले मॉडलिंग, स्ट्रेस बॉल, मंडला कलरिंग, जेंगा, लूडो, पज़़ल्स तथा अन्य रचनात्मक खेल शामिल हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य छात्राओं को तनाव से राहत प्रदान करना, एकाग्रता बढ़ाना, सकारात्मक सामाजिक संवाद को प्रोत्साहित करना तथा दैनिक जीवन में आने वाले तनाव को सहज और रचनात्मक तरीके से प्रबंधित करने के अवसर उपलब्ध कराना है। इस महत्वपूर्ण पहल को साकार करने में मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शुचि चौधरी, एवं प्राध्यापिका सुश्री सोना मिश्रा, सुश्री जेनिस हाशमी तथा काउंसलर सुश्री शुभि शर्मा का विशेष सहयोग एवं योगदान रहा। सभी के सामूहिक प्रयासों से स्थापित यह इमोशनल लैब छात्राओं को अपनी भावनाओं को समझने, स्वयं के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए एक अनुकूल वातावरण प्रदान करेगी।