विश्व पर्यावरण दिवस

विश्व पर्यावरण दिवस पर कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय द्वारा ग्राम सभाओं में वृक्षारोपण एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर द्वारा उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत चयनित पांच गांवों आंधी, अस्थल, थली, सांकोढ़ा खावारानीजी के संरक्षण एवं समग्र विकास को प्रोत्साहित करने की जिम्मेदारी निभाई जा रही है। इसके अंतर्गत पानी का महत्व उजागर करते हुये द वॉटर प्रोजेक्ट नाम से महाविद्यालय द्वारा जल संरक्षण का अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के सफल क्रियान्वयन में जयपुर जिला प्रशासन एवं  जिला परिषद, जयपुर का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज दिनांक 05 जून 2026 महाविद्यालय द्वारा जयपुर जिले की जामवारामगढ़ तहसील की आंधी एवं अस्थल ग्राम सभाओं में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की टीम ने ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी स्थानीय समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में जलापूर्ति की स्थिति चिंताजनक है, जहां चार दिनों में केवल आधे घंटे के लिए नल के माध्यम से पानी उपलब्ध हो पाता है तथा सप्ताह में लगभग एक बार ही पानी का टैंकर पहुंचता है। इसके अतिरिक्त महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए पारंपरिक एवं नवीन आजीविका स्रोतों के विकास की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। महाविद्यालय की ओर से ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि उनकी समस्याओं एवं सुझावों को संबंधित विभागों तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर संबंधित ग्राम सभाओं के सरपंच, सुश्री शालिनी एवं आकांक्षा मोदी, तथा महाविद्यालय की प्राध्यापिकाएँ डॉ. ऋचा चतुर्वेदी एवं आरती तंवर उपस्थित रहीं। सभी ने पर्यावरण संरक्षण, जल-संरक्षण एवं ग्रामीण विकास के लिए सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया। महाविद्यालय द्वारा भविष्य में भी उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहेगा।