इंडियन नॉलेज सिस्टम केन्द्र के अंतर्गत आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 200 लोगों ने लिया परामर्श
जयपुर, 13 अक्टूबर 2026 को कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर के इंडियन नॉलेज सिस्टम (आईकेएस) केन्द्र के अंतर्गत राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, ’’आयुष मंत्रालय, भारत सरकार’’ के प्रसूति तंत्र एवं स्त्री रोग विभाग के सहयोग से आयुर्वेदिक स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि भारतीय ज्ञान परंपरा में आयुर्वेद का विशेष महत्त्व है। इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग करना है। प्राचार्य के साथ केंद्र की संयोजक एवं उप-प्राचार्य डॉ. रंजना अग्रवाल और सभी सदस्यों ने चिकित्सकों का स्वागत किया। इस शिविर में लगभग 200 लोगों ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया। स्त्री रोग विभाग की अध्यक्ष प्रो. भारथी कुमारमंगलम एवं उनकी टीम ने महाविद्यालय के समस्त कर्मचारियों एवं छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का निवारण किया। शिविर में निःशुल्क आयुर्वेदिक दवाईयाँ भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के माध्यम से आयुर्वेद की उपयोगिता, स्वास्थ्य संरक्षण तथा भारतीय ज्ञान परंपरा की प्रासंगिकता को रेखांकित किया गया।