मनोविज्ञान विभाग द्वारा साइकोलॉजी डिस्कोर्स का आयोजन

मनोविज्ञान विभाग द्वारा साइकोलॉजी डिस्कोर्स का आयोजन
कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग द्वारा दिनांक 10 सितम्बर, 2026 को साइकोलॉजी डिस्कोर्स का आयोजन किया गया, जिसमें 100 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ ‘‘करियर्स इन सायकॉलोजी’’ विषय पर  विभागाध्यक्ष डॉ. शुचि चौधरी एवं प्राध्यापिका सुश्री शुभी शर्मा के व्याख्यान से हुआ। उन्होंने छात्राओं को मनोविज्ञान में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा एवं प्रवेश परीक्षाओं, डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों एवं अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी दी। साथ ही सरकारी एवं गैर-सरकारी क्षेत्रों में करियर बनाने की प्रक्रिया से भी अवगत करवाया। इसके पश्चात विभाग की द्वितीय, तृतीय एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं की छात्राओं ने नवागंतुक छात्राओं का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। छात्राओं के बीच आपसी परिचय एवं संवाद को बढ़ावा देने के लिए नृत्य, संगीत, क्विज एवं विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। लघु-नाटिका के माध्यम से नवागंतुक छात्राओं को विभाग की आचार नीतियों एवं अपेक्षाओं से भी परिचित करवाया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्नातकोत्तर की छात्राओं द्वारा ओपन माइक एवं नृत्य प्रस्तुति रही, जिसके माध्यम से उन्होंने विभाग की प्राध्यापिकाओं के प्रति अपनी कृतज्ञता एवं स्नेह व्यक्त किया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें इसी प्रकार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि मनोविज्ञान विभाग द्वारा आयोजित यह डिस्कोर्स छात्राओं की वैचारिक समझ को नई दिशा देने में मदद करेगा। इस तरह की गतिविधियाँ छात्राओं में विश्लेषणात्मक एवं तार्किक क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्राध्यापिका सुश्री जेनिस हाशमी एवं सुश्री सोना मिश्रा की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम का सफल संचालन हुआ। धन्यवाद ज्ञापन विभागाध्यक्ष डॉ. शुचि चौधरी द्वारा किया गया।