आत्महत्या रोकथाम दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर में दिनांक 10 सितम्बर, 2026 को आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर मनोविज्ञान विभाग द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाना और आत्महत्या रोकथाम के महत्व पर जोर देना था। मनोविज्ञान विभाग की छात्राओं द्वारा एक विचारोत्तेजक नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक ने आत्महत्या के विचारों के पीछे के कारकों, जैसे कि शैक्षणिक दबाव, संबंधों में तनाव, सामाजिक अपेक्षाएँ एवं आर्थिक कठिनाइयों को उजागर किया। डॉ. रंजना अग्रवाल, उप-प्राचार्य, अकादमिक ने मानसिक स्वास्थ्य पेशेवरों, दोस्तों और परिवार से मदद लेने की आवश्यकता पर बल देते हुए छात्राओं को आत्महत्या रोकथाम हेतु जागरूक किया। उन्होंने महाविद्यालय की ओर से यह आश्वासन भी दिया कि छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य के लिए महाविद्यालय में परामर्श सुविधा सदैव उपलब्ध है, और किसी भी छात्रा को संकोच किए बिना इसका लाभ उठाना चाहिए। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नाटक का संदेश था कि जीवन को दूसरा मौका देना चाहिए और आत्महत्या के बजाय जीवन के नए अवसरों का सामना करना चाहिए। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने मनोविज्ञान विभाग की सराहना करते हुए बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं में संवेदनशीलता और सहानुभूति का भाव विकसित करते हैं, जिससे वे स्वयं भी सजग रहते हैं और अपने आसपास के लोगों की भी सहायता कर पाते हैं। विभाग से प्राध्यापिका सुश्री सोना मिश्रा ने धन्यवाद प्रस्ताव रखते हुए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजनों की निरंतरता पर जोर दिया। कार्यक्रम में लगभग 100 छात्राएँ मौजूद थी। विभागाध्यक्ष डॉ. शुचि चौधरी, प्राध्यापिका जेनिस हाशमी एवं शुभी शर्मा की सक्रिय भागीदारी निभाते हुए कार्यक्रम का सफल संचालन किया।