खेल प्रतियोगिताओं में कानोड़िया कॉलेज की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन
कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय, जयपुर की छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। दिनांक 26 एवं 27 अक्टूबर 2026 को आयोजित अंतरमहाविद्यालय प्रतियोगिताओं किक्रेट एवं जूडो में छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। किक्रेट प्रतियोगिता में पाँच टीमों ने भाग लिया। कानोड़िया कॉलेज की टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में महारानी कॉलेज को 37 रनों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। कृतिका तंवर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। फाइनल मुकाबले में टीम ने सुबोध कॉलेज के विरुद्ध खेलते हुए उपविजेता स्थान प्राप्त किया, जिसमें अंजली शर्मा 39 रन व कृतिका तंवर 30 रन की नाबाद पारी का विशेष योगदान रहा। इसी क्रम में जूडो प्रतियोगिता में भी कानोड़ि़या कॉलेज की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। महाविद्यालय की टीम ने एक स्वर्ण, दो रजत एवं दो कांस्य पदक सहित कुल पाँच पदक अर्जित कर चौंपियनशिप अपने नाम की। इस उल्लेखनीय सफलता पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशक विजय हरीश ने सभी खिलाड़ियों का अभिनंदन किया तथा उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार खेल भावना, समर्पण और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। दोनों प्रतियोगिताओं में छात्राओं की उपलब्धियाँ महाविद्यालय में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।