अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित

कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर के सेंटर फॉर जेंडर स्टडीज की ओर से अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में दिनांक 12.10.2026 को यूनिसेफ एवं संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित थीम “बाल विवाह का अंत करें और बालिकाओं के अधिकारों में निवेश करें” पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम तथा बालिकाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। प्रतियोगिता में महाविद्यालय की 48 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पोस्टरों के माध्यम से बाल विवाह उन्मूलन, बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा तथा समान अवसर जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में डॉ. सारिका कौल, विभागाध्यक्ष, चित्रकला विभाग एवं डॉ. मोहिता चतुर्वेदी शर्मा, विभागाध्यक्ष, समाजशास्त्र विभाग ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में प्रिया कुमावत ने प्रथम, कनिका शर्मा ने द्वितीय तथा पूर्वी सिंह, ट्विंकल जांगिड़ एवं सोनिया चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पायल महावर को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता छात्राओं को कार्यक्रम के निर्णायक गण द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय की निदेशक डॉ. रश्मि चतुर्वेदी, प्राचार्य डॉ सीमा अग्रवाल एवं उप प्राचार्य डॉ रंजुला जैन ने सभी प्रतिभागी छात्राओं एवं विजेताओं को बधाई देते हुए उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए छात्राओं द्वारा अपने पोस्टरों के माध्यम से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संवेदनशीलता और जागरूकता हेतु किये गये प्रर्दशन की प्रशंसा की और सभी छात्राओं को भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा बालिकाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए सदैव सजग एवं प्रयासरत रहने हेतु प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में सेंटर फॉर जेंडर स्टडीज की संयोजिका डॉ. स्वीटी माथुर ने धन्यवाद ज्ञापित किया एवं छात्राओं के प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सदस्य डॉ. दमयंती सोढ़ा, डॉ. साक्षी शर्मा, डॉ. सुरभि माथुर एवं डॉ. पूर्वा भारद्वाज की सक्रिय भूमिका रही।