कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने खेल प्रतियोगिताओं में रचा इतिहास, पाँच चैंपियनशिप में जीते 42 पदक
कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर की छात्राओं ने राजस्थान विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित सत्र 2026-27 की विभिन्न अंतर महाविद्यालयी महिला खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। छात्राओं ने बास्केटबॉल, तैराकी, शतरंज, बॉक्सिंग एवं जूडो की प्रतियोगिताओं में अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्ट टीम भावना का परिचय देते हुए कुल 42 पदक अर्जित किए। इनमें तैराकी एवं जूडो में महाविद्यालय ने विजेता चैंपियनशिप प्राप्त की, जबकि बास्केटबॉल, शतरंज एवं बॉक्सिंग में उपविजेता का स्थान हासिल किया। अंतर महाविद्यालयी महिला तैराकी प्रतियोगिता में दिनांक 1 अक्टूबर 2026 को महाविद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 स्वर्ण, 3 रजत एवं 1 कांस्य सहित कुल 11 पदक जीतकर विजेता का खिताब प्राप्त किया। वहीं दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को आयोजित महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता में टीम ने उपविजेता रहते हुए 12 रजत पदक अर्जित किए। दिनांक 28-29 सितंबर 2026 को आयोजित महिला शतरंज प्रतियोगिता में छात्राओं ने उपविजेता का स्थान प्राप्त करते हुए 5 रजत पदक हासिल किए। इसी क्रम में दिनांक 16-17 अक्टूबर 2026 को आयोजित महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 2 स्वर्ण, 2 रजत एवं 4 कांस्य सहित कुल 8 पदक जीतकर उपविजेता का खिताब प्राप्त किया। 26-27 अक्टूबर 2026 को आयोजित महिला जूडो प्रतियोगिता में छात्राओं ने 3 स्वर्ण, 1 रजत एवं 2 कांस्य सहित कुल 6 पदक अर्जित कर विजेता चैंपियनशिप अपने नाम की। प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धियाँ छात्राओं की मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम हैं। उन्होंने खेल प्रशिक्षकों एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महाविद्यालय छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों को भी समान महत्त्व देता है। उन्होंने यह विश्वास व्यक्त किया कि छात्राएँ भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाती रहेंगी।