सुकृति आर्ट एंड क्राफ्ट क्लब द्वारा राखी एवं हैंडीक्राफ्ट प्रदर्शनी का आयोजन

सुकृति आर्ट एंड क्राफ्ट क्लब द्वारा राखी एवं हैंडीक्राफ्ट प्रदर्शनी का आयोजन
कानोडिया पी.जी. महिला महाविद्यालय के सुकृति आर्ट एंड क्राफ्ट क्लब द्वारा दो दिवसीय राखी एवं हैंडीक्राफ्ट प्रदर्शनी का शुभारम्भ दिनांक 17 अगस्त, 2026 को किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य छात्राओं की रचनात्मकता, प्रतिभा एवं उद्यमिता की भावना को मंच प्रदान करना था। प्रदर्शनी में कुल 25 स्टॉल लगाए गए, जिनमें 50 उत्साही छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। छात्राओं द्वारा हाथ से बनी राखियां, क्रोशिया के फूल, लड्डू गोपाल की पोशाक, कपकेक, कुकीज़ तथा विभिन्न आकर्षक हस्तशिल्प वस्तुएं प्रदर्शित की गईं। इन उत्पादों में छात्राओं की कल्पनाशीलता, कलात्मक कौशल, मेहनत एवं नवाचार की स्पष्ट झलक दिखाई दी। प्रदर्शनी का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल द्वारा किया गया। उन्होंने छात्राओं एवं क्लब के सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्राओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ व्यावहारिक एवं उद्यमिता संबंधी कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं। महाविद्यालय की उप प्राचार्य डॉ. रंजुला जैन, डॉ. मनीषा माथुर एवं डॉ. रंजना अग्रवाल ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन कर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। क्लब की संयोजिका डॉ. विष्णुप्रिया टेमाणी ने बताया कि सुकृति आर्ट एंड क्राफ्ट क्लब का उद्देश्य छात्राओं को अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता प्रदर्शित करने, बुनियादी उद्यमिता कौशल सीखने तथा कला और सृजनशीलता के माध्यम से रक्षाबंधन की भावना को उत्साहपूर्वक मनाने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी में नई छात्राओं ने भी पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ भाग लिया। प्रदर्शनी के सफल संचालन में क्लब की सदस्य डॉ. साक्षी शर्मा, डॉ. मेधा बाबेल, डॉ. भारती गोधवानी एवं डॉ. मनीषा खिंची का महत्वपूर्ण योगदान रहा। यह प्रदर्शनी छात्राओं के लिए केवल अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच ही नहीं, बल्कि रचनात्मकता को उद्यमिता से जोड़ने और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाने का एक सार्थक प्रयास भी रही।