कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय में रसायन विज्ञान विभाग द्वारा एक्सटेंशन लेक्चर का आयोजन
कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर के रसायन विज्ञान विभाग की ओर से दिनांक 25 सितंबर 2026 को छात्राओं के लिए “डिस्कवर, डेवलप, डिजाइन-योर जर्नी बियॉन्ड ग्रेजुएशन” विषय पर एक्सटेंशन लेक्चर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को स्नातक के बाद उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक, शोध एवं करियर अवसरों से परिचित कराना था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. प्रदीप कुमार मुवल, सहायक आचार्य, राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर रहे। उन्होंने छात्राओं को रसायन विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध विविध एवं उभरते अवसरों, उच्च शिक्षा, शोध, कौशल विकास तथा करियर निर्माण की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। अपने व्याख्यान में डॉ. मुवल ने छात्राओं को नई संभावनाओं को पहचानने, आवश्यक कौशल विकसित करने और स्नातक के बाद अपने करियर को सही दिशा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बदलते समय के अनुरूप शिक्षा के साथ-साथ नए कौशल एवं अवसरों को समझने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के करियर-उन्मुख कार्यक्रम छात्राओं को भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराने तथा उन्हें सही दिशा एवं मार्गदर्शन प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में लगभग 75 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर रसायन विज्ञान विभाग के सभी संकाय सदस्य उपस्थित रहे। व्याख्यान के दौरान छात्राओं ने करियर एवं उच्च शिक्षा से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका वक्ता द्वारा विस्तार पूर्वक समाधान किया गया। कार्यक्रम छात्राओं के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा।