बेसिक लाइफ सपोर्ट प्रशिक्षण सत्र का आयोजनः आपातकालीन स्थिति में जीवन रक्षा और सीपीआर की दी गई ट्रेनिंग

कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय में बेसिक लाइफ सपोर्ट प्रशिक्षण सत्र का आयोजनः आपातकालीन स्थिति में जीवन रक्षा और सीपीआर की दी गई ट्रेनिंग  कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर के बेसिक लाइफ सपोर्ट सेंटर द्वारा महाविद्यालय परिसर में 14 अक्टूबर, 2026 को परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग राजस्थान, आपातकालीन चिकित्सा विभाग-अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली तथा आपातकालीन और ट्रॉमा केयर हेतु डब्ल्यूएचओ सहयोग केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आपातकालीन स्थितियों में जीवन रक्षा के गुर सिखाना और एक सुरक्षित समाज के निर्माण में योगदान देना था। इस विशेष सत्र का संचालन बेसिक लाइफ सपोर्ट सेंटर की सदस्य एवं सह-आचार्य डॉ. आंचल पुरी द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान डॉ. पुरी ने उपस्थित सदस्यों और छात्राओं को व्यावहारिक रूप से समझाया कि किसी आपातकालीन चिकित्सा स्थिति या दुर्घटना के समय एम्ब्यूलेंस आने से पहले के शुरुआती कुछ मिनट कितने कीमती होते हैं। उन्होंने सीपीआर की तकनीक का लाइव प्रदर्शन किया और बताया किदिल का दौरा पड़ने या सांस रुकने जैसी गंभीर स्थिति में सही तरीके से सीपीआर देकर किसी व्यक्ति की जान कैसे बचाई जा सकती है। इसके साथ ही उन्होंने चोकिंग (गले में कुछ फंसना), बेहोशी और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में दी जाने वाली प्राथमिक चिकित्सा के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। सत्र में कॉलेज की छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और मानव पुतलों पर सीपीआर देने का व्यावहारिक अभ्यास भी किया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने इस पहल की प्रशंसा की और कहा,ऐसे जीवन रक्षक प्रशिक्षण सत्र आज के समय की अनिवार्य आवश्यकता हैं। प्रत्येक नागरिक, विशेषकर हमारी छात्राओं को यह बुनियादी हुनर आना चाहिए ताकि वे न केवल अपने परिवार बल्कि समाज में भी किसी भी आपातकालीन स्थिति में साहसपूर्वक मदद के लिए आगे आ सकें। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं ने पोस्ट टेस्ट में भाग लिया और छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किये गए।