एंकरिंग वर्कशाॅप में छात्राओं ने सीखे प्रभावी प्रस्तुति और मंच संचालन के गुर

एंकरिंग वर्कशाॅप में छात्राओं ने सीखे प्रभावी प्रस्तुति और मंच संचालन के गुर कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर के अभिव्यक्ति क्लब (हिंदी/अंग्रेजी) द्वारा  23 सितंबर, 2026 को आयोजित एंकरिंग वर्कशाॅप में छात्राओं को प्रभावी मंच संचालन, शुद्ध उच्चारण, आवाज में उतार-चढ़ाव और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति के गुर सिखाए गए। कार्यशाला की विषय विशेषज्ञ वरिष्ठ एंकर एवं एसोसिएट न्यूज एडिटर, फर्स्ट इंडिया न्यूज, श्वेता मिश्रा अवस्थी रहीं। उन्होंने छात्राओं को नुक्ता वाले शब्दों सहित विभिन्न शब्दों के शुद्ध उच्चारण, उनके नियमित अभ्यास, उचित शब्द चयन तथा संवेदनशीलता के साथ प्रभावी प्रस्तुति के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने वाक्-कौशल विकसित करने के लिए नियमित समाचार-वाचन, श्वास अभ्यास, आईने के सामने अभ्यास तथा शब्दावली समृद्ध करने के लिए प्रेरित किया। मंच-भय दूर करने और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए संवादात्मक गतिविधियाँ भी कराई गईं। कार्यक्रम में महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “अभिव्यक्ति आज के समय की मांग है। इसके लिए समसामयिक विषयों की जानकारी रखने के साथ साथ निरंतर स्वाध्याय आवश्यक है। ”इस दौरान डॉ. स्वाति धनवानी ने सभी का स्वागत करते हुए कार्यशाला के उद्देश्य से अवगत कराया और डॉ. धर्मा यादव ने छात्राओं को क्लब की आगामी गतिविधियों की जानकारी देते हुए सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन की सफलता में क्लब सदस्य डॉ. स्वाति एस. सुल्तानिया, डॉ. सुरभि शर्मा, डॉ. निमिषा गौड़, डॉ. शिप्रा गोयल एवं डॉ. स्वाति चौधरी की सक्रिय भूमिका रही।