Kasturi- 2026

Kasturi 2026 Day 1

कस्तूरी के पहले दिन कला में ज्ञान और ज्ञान में कला का संगम
कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय में 8 अप्रैल, 2026 को युवाओं के बहुप्रतीक्षित ’अन्तर महाविद्यालय युवा महोत्सव कस्तूरी- 2026 (8 से 10 अप्रैल) का शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. प्रेरणा अरोड़ा, प्रोफेसर एंड डायरेक्टर, रोड सेफ्टी मैनजमेंट, डिपार्टमेंट ऑफ कॉर्मस एंड मैनजमेंट निर्वाण विश्वविद्यालय, जयपुर ने किया। मुख्य अतिथि, महाविद्यालय की पूर्व छात्रा डॉ. प्रेरणा अरोड़ा के साथ निदेशक, डॉ. रश्मि चतुर्वेदी, प्राचार्य, डॉ. सीमा अग्रवाल, उप-प्राचार्य (छात्र गतिविधि) डॉ. मनीषा माथुर एवं प्रबंध समिति सदस्य श्री विमल कुमार भाटिया ने दीप प्रज्वलन कर ’कस्तूरी-2026’ का शुभारम्भ किया। प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि सह-शैक्षणिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा ऐसे आयोजन उनके कौशल, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं के नव्य नारी ग्रुप ने स्वागत नृत्य प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि डॉ. प्रेरणा ने महाविद्यालय से जुड़े विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा किये और उन्होंने सड़क सुरक्षा के विषय में विस्तार से चर्चा की तथा समझाया कि ट्रेफिक नियमों का पालन करना क्यों आवश्यक है। महाविद्यालय निदेशक डॉ. रश्मि चतुर्वेदी ने इस समारोह के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने कस्तूरी की थीम ’’छःदशक-आत्म शक्ति का उत्सव’’ के बारे में बताते हुए आत्मशक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी बताया कि वर्षों से यह उत्सव युवा छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करता आ रहा है। अंत में छात्रा इशिका गोयल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उद्घाटन कार्यक्रम का संचालन डॉ. टीना सिंह भदौरिया एवं छात्रा कशिश गौड़ व माही असीजा ने किया। कस्तूरी के पहले दिन अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिताओं के अतंर्गत ’मन के हारे हार है, मन के जीते जीत’ विषय पर हिन्दी तर्क-वितर्क प्रतियोगिता में राजस्थान कॉलेज से इंद्रजीत सिंह प्रथम, कानोड़िया कॉलेज से पूजा राठौड़ द्वितीय और सुबोध पीजी महिला महाविद्यालय से अक्षिता शर्मा तृतीय स्थान पर रहे। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में यूनिवर्सिटी महाराजा कॉलेज की टीम प्रथम व कानोड़िया कॉलेज की टीम द्वितीय स्थान पर रही। बीट्स-वेस्टर्न गु्रप डांस प्रतियोगिता में जईसीआरसी की टीम प्रथम व कानोड़िया कॉलेज की टीम द्वितीय रही। अतः महाविद्यालय प्रतियोगिताओं में फ्लावर अरेंजमेंट में अदिती जांगिड़ व तनुश्री प्रथम, द्राक्षा असांरी व साइमून असांरी द्वितीय रही। रंगरीति के अंतर्गत रंगोली में दृष्टि मीणा प्रथम व खुशी द्वितीय स्थान पर रहीं एवं मांडना में पूनम कुमारी ने प्रथम एवं शिखा सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कल 9 अप्रैल को क्विज़, फेस पेंटिंग, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, हेयर डू,, जैम (जस्ट ए मिनट), यादों के झरोखे से समूह नृत्य, रसरंग लोक नृत्य प्रतियोगिताएँ होंगी।

Kasturi 2026 Day 2

शैक्षणिक व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में जमाया रंग

कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय, जयपुर में युवा महोत्सव कस्तूरी 2026 के दूसरे दिन की शुरुआत अंतर महाविद्यालय क्विज़ से हुई। इस प्रतियोगिता में अनेक महाविद्यालयों से प्रतिभागियों ने समसामयिक प्रश्नोत्तरी के साथ विभिन्न क्षेत्रों में अपने ज्ञान को दर्शाया। क्विज़ में लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज से धु्रव शर्मा एवं युविका स्वामी की टीम प्रथम स्थान पर रही। फेस पेंटिंग प्रतियोगिता में कानोड़िया कॉलेज से प्रतिभा शर्मा ने प्रथम, यूनिवर्सिटी फाइव ईयर लॉ कॉलेज से सौम्या ने द्वितीय और विवेकानन्द ग्लोबल यूनिवर्सिटी से अनुज सैनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में छात्राओं ने प्रकृति पर आधारित फेस पेंटिंग कर अपनी कला का प्रदर्शन किया। ’यादों के झरोखे से’ समूह नृत्य प्रतियोगिता में कानोड़िया महिला महाविद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जैम (जस्ट ए मिनट) प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने दिये गये विषय पर एक मिनट में विचार प्रकट कर अपनी प्रतिभा दिखाई, इसमें जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से दिव्या तेवतिया प्रथम, राजस्थान कॉलेज से अक्षय शर्मा द्वितीय एवं एस.एस.जैन सुबोध कॉलेज से मोनिका सोमानी व कानोड़िया कॉलेज से नंदिता मंगतानी संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
‘रसरंग-फोक डांस ऑफ इंडिया’ समूह नृत्य प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। प्रतिभागियों ने राजस्थानी, गुजराती, पंजाबी नृत्य शैलियों में प्रस्तुति दी। इसमें कानोड़िया महिला महाविद्यालय की टीम प्रथम व महाराजा कॉलेज की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
अंतः महाविद्यालय बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता में शैली मिश्रा ने प्रथम, निमिषा सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। हेयर डू में श्रेया शर्मा एवं मनस्वी जैन प्रथम, ललिता कोठारी एवं वैदेही शुक्ला द्वितीय स्थान पर रही। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल, उप-प्राचार्य डॉ. रंजुला जैन, डॉ. मनीषा माथुर एवं डॉ. रंजना अग्रवाल के साथ महाविद्यालय की प्राध्यापिकाएँ एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ इस आयोजन में उपस्थित रहीं।

कल 10 अप्रैल को अंग्रेज़ी वाद-विवाद प्रतियोगिता, डिज़ाइन मेनिया, स्नैक अटैक, मेंहदी आदि प्रतियोगिताओं के साथ कस्तूरी युवा महोत्सव का समापन होगा।

Kasturi 2026 Day 3

’’छःदशक-आत्म शक्ति का उत्सव’’ का रंगारंग समापन

कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय, जयपुर में आज दिनांक 10 अप्रैल को युवा महोत्सव ‘कस्तूरी-2026’ के अंतर्गत आज तीसरे दिन ‘द ऑपोजिट ऑफ करेज इज नॉट कॉवर्डिस, इट इज कंफर्मिटी’ विषय पर अंतर महाविद्यालय अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विषय के पक्ष और विपक्ष पर तर्क सहित अपने विचार प्रस्तुत किये। इसमें कानोड़िया महिला महाविद्यालय से याशिका लालवानी ने प्रथम, जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से दिव्या तेवतिया द्वितीय और कानोड़िया महाविद्यालय से ही हर्षिता शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ‘एआई वर्सेज ह्यूमन क्रियेटिविटि’ विषय पर आधारित डिजाइन मेनिया प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी कल्पना और रचनात्मकता का सुन्दर प्रदर्शन किया। इसमें कानोड़िया महिला महाविद्यालय से आत्ममिका दुबे व रिद्धिमा जालन ने प्रथम, महाराजा कॉलेज से लक्ष्य शंकर और अंशुल दाबोड़िया ने द्वितीय एवं कानोड़िया महिला महाविद्यालय से ही अमरजोत कौर व रुद्राक्षी सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंतः महाविद्यालय ‘स्नैक अटैक’ कुकिंग प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी पाक कला दिखाई। इसमें खुशबू जगरवाल व जयश्री शर्मा प्रथम, माही शाह और भूमि यादव द्वितीय स्थान पर रहीं। राजस्थानी उत्सव थीम पर आधारित मेहंदी प्रतियोगिता में जया मीणा ने प्रथम और चंचल कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह के अंतर्गत महाविद्यालय के नृत्यम डांस क्लब की छात्राओं ने राजस्थानी, पंजाबी और वेस्टर्न डांस की शानदार प्रस्तुति से समा बांध दिया। इसी क्रम में महाविद्यालय की छात्रा पूजा राठौड़ के एकल अभिनय ने सभी को भाव-विभोर कर तालियां बटोरी। छात्रा श्रद्धा शर्मा ने मोनोलॉक प्रस्तुत किया और भूमि काबरा ने स्टैण्डअप कॉमेडी के माध्यम से सभी को हंसाया। कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल, उप-प्राचार्य डॉ. रंजुला जैन, डॉ. मनीषा माथुर एवं डॉ. रंजना अग्रवाल ने युवा उत्सव में कार्यरत सभी समितियों की सदस्य छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किये। अंत में युवा उत्सव कस्तूरी की संयोजक, उप-प्राचार्य (छात्र गतिविधि) डॉ. मनीषा माथुर ने इस आयोजन की सफलता के लिये सभी प्रतिभागियों के साथ महाविद्यालय प्रशासन, सभी छात्राओं, शिक्षिकाओं और अशैक्षणिक कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। समापन समारोह का संचालन छात्रा कशिश गौड़, माही असीजा और प्रिया ने किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय में 24-25 अप्रैल, 2026 को होने वाले लिटरेचर महोत्सव सागा 2026 के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।