Hindi Divas

कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय में हिंदी विभाग द्वारा चार दिवसीय (13 से 16 सितंबर, 2023) हिंदी दिवस समारोह के अंतर्गत 13 सितंबर को काव्य गोष्ठी आयोजित की गई। उप-प्राचार्य (कला) डॉ. मनीषा माथुर ने स्वागत उद्बोधन में हिन्दी भाषा को मर्म और भावना की भाषा कहा और छात्राओं को गर्व के साथ हिन्दी बोलने हेतु प्रेरित किया। हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. शीताभ शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया और हिन्दी भाषा पर कविता प्रस्तुत कर मातृभाषा के प्रति अपना प्रेम भाव प्रकट किया। सहायक आचार्य डॉ. धर्मा यादव ने चार दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुये छात्राओं को आगामी प्रतियोगिताओं की जानकारी दी और छात्राओं को बताया कि हिन्दी विश्व में दूसरे नंबर पर बोली जाने वाली भाषा है, इसका हमें अभिमान के साथ प्रयोग करना चाहिये। कार्यक्रम में पधारे कवि किशोर पारीक ‘किशोर’ ने हिन्दी भाषा व नारी सशक्तीकरण पर ‘श्री राधे छंद’ गाये और कवयित्री उषा दास ने रिश्तों की गहराइयों पर गीत सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध किया। प्रमुख कवयित्री डॉ. रेखा गुप्ता ने मातृभाषा हिन्दी व चंद्रयान विषय पर सुन्दर रचनाएँ प्रस्तुत की। कवि विनय कुमार ‘अंकुश’ ने हिन्दी भाषा का महत्व प्रतिपादित करते हुये काव्य-पाठ किया। इस आयोजन में छात्रा तृप्ति जूनीवाल, विभांशी, शालू शर्मा, मुस्कान, वनीशा, नीलम चौधरी, प्रिया राठौड़ और अंग्रेजी विभाग की शिक्षिका डॉ. प्रीति शर्मा व ऋषिता शर्मा ने हिन्दी भाषा पर स्वरचित रचनाएँ प्रस्तुत की। लगभग 21 प्राध्यापिकाओं के साथ 40 छात्राओं ने इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। आज 14 सितंबर को हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में ऑनलाइन राष्ट्र-स्तरीय हिंदी भाषा एवं साहित्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवायी गयी। प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने जानकारी दी कि 15 सितंबर को हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता और 16 सितंबर को इन सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत करने के लिए पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जायेगा।