कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय, जयपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों द्वारा रक्षाबन्धन के पर्व पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, गांधीनगर पुलिस थाना एवं टै्रफिक पुलिस से पुलिसकर्मियों को आमंत्रित किया गया। स्वयंसेविकाओं ने रक्षासूत्र बांधकर उन्हें रक्षाबन्धन के पवित्र पर्व पर सस्नेह अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने अपने स्वागत उद्बोधन के माध्यम से सभी पुलिसकर्मियों द्वारा महाविद्यालय को सदैव सतत् सहयोग प्रदान करने हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया। स्वयंसेविकाओं ने स्नेहपूर्वक सभी महिला पुलिसकर्मियों के हाथों में मेंहदी लगाकर व सभी को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षा का पर्व मनाया।
कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की मंजू चौधरी जी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें हमेशा अपने आप पर भरोसा रखने व अपने हक के लिए सचेत रहने को कहा। गांधीनगर थाने की एसआई राजकुमारी जी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए यह विश्वास दिलाया कि पुलिस भी आमजन की तरह ही है, व हमेशा लोगों की मदद करने हेतु समर्पित है। स्वयंसेविकाओं को पुलिस सेवा में अपना करियर बनाने के लिए भी उन्होंने प्रेरित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आँचल पुरी, डॉ. विजयलक्ष्मी गुप्ता, महिमा रामचन्दानी एवं चारूल शर्मा ने किया।
