दो दिवसीय हिन्दी-अंग्रेजी लेखन कार्यशाला का आयोजन

दिनांक 3-4 अक्टूबर, 2023 को कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय के रचनात्मक लेखन क्लब द्वारा दो दिवसीय हिन्दी-अंग्रेजी लेखन कार्यशाला का आयोजन किया गया। विषय विशेषज्ञ के रूप में ख्यात कवि जगदीश मोहन रावत ने छात्राओं को कविता, गीत, संस्मरण, लघुकथा तथा गज़ल लेखन का प्रशिक्षण दिया। प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने औपचारिक शुभारंभ करते हुये रचनात्मकता के संबंध में छात्राओं से संवाद किया। क्लब संयोजक एवं साहित्यकार डॉ. शीताभ शर्मा द्वारा छात्राओं को कार्यशाला के उद्देश्य से अवगत कराते हुए लेखन के साथ रचना प्रस्तुति प्रक्रिया को समझाया तथा संवेदना की प्रमुखता पर जोर देते हुए स्वरचित गीत ‘कैसा ये हाल है जन-जन बेहाल है’…का अनुभव साझा किया। प्रशिक्षक जगदीश मोहन ने उक्त विघाओं का अर्थ बताते हुए उनके घटकों का वर्णन किया, उन्होंने कविता लेखन के लिए कविता पाठन को महत्त्वपूर्ण बताया एवं कविता की मात्राओं का ज्ञान भी छात्राओं को सिखाया। इस क्रम में दोहा एवं चौपाई छंद लेखन का प्रशिक्षण दिया गया। छात्राओं को दूसरे दिन स्वरचित दोहा एवं चौपाई लिख कर लाने को कहा गया। लेखिका मानवी मेहता द्वारा अंग्रेजी में कविता से संबंधित बारीकियाँ बताई गई। कार्यशाला के दूसरे दिन संस्मरण, गज़ल एवं गीत लिखने का प्रशिक्षण दिया गया। छात्राओं द्वारा लिखकर स्वरचित दोहे एवं चौपाई का भी मूल्यांकन किया गया। अंग्रेजी क्लब संयोजक डॉ. स्वाति धनवानी ने अंग्रेजी में रचनात्मक लेखन प्रक्रिया पर छात्राओं से संवाद किया। कार्यक्रम में, क्लब शिक्षिकाएँ आयुषी सोरल, पूर्वा भारद्वाज, प्रियंका अग्रवाल की सक्रिय भूमिका रही। कार्यशाला में कुल 50 छात्राओं ने लेखन और रचना प्रस्तुति के गुर सीखे।