दिनांक 29.09.2026 को कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर में समाजशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय अकादमिक मंथन ‘संवेतम’ के मुख्य सत्र को संबोधित करते हुए प्रख्यात पर्यावरणविद् एवं मुख्य वक्ता सुमैरा अब्दुलाली ने पर्यावरण संरक्षण, सटीक दस्तावेज़ीकरण एवं नागरिक सक्रियता पर विशेष ज़ोर दिया। अपने प्रेरक व्याख्यान में उन्होंने ध्वनि प्रदूषण के कानूनी पहलुओं तथा अवैध रेत खनन के खिलाफ अपने संघर्षों को साझा करते हुए कहा कि यदि किसी समस्या का सही प्रलेखीकरण कर सोशल मीडिया के माध्यम से उठाया जाए, तो प्रशासन को जवाब देना ही पड़ता है। नारी को परिवार की आधारशिला बताते हुए उन्होंने समाज में महिलाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण माना। इस अवसर पर विभाग की छात्राओं ने पेड़ों और संस्कृति को बचाने के संदेश के साथ ‘वन ट्री एंड मेनी वॉइसेज’ विषय पर एक प्रभावशाली स्किट (नाटिका) प्रस्तुत कर ऐतिहासिक खेजड़ी गांव के बलिदान से रूबरू कराया। इसके साथ ही, नारी शक्ति पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री, प्रेरणादायक नृत्य प्रस्तुति और क्विज़ प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। कार्यक्रम के समापन पर विभागाध्यक्ष डॉ. मोहिता चतुर्वेदी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय की निदेशक डॉ. रश्मि चतुर्वेदी एवं प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने इस दो दिवसीय आयोजन की सफलता तथा छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। डॉ. स्वीटी माथुर ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम में 150 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।