तकनीकी युग में शिक्षक की भूमिका को किया रेखांकित
कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर के अभिव्यक्ति क्लब के अंतर्गत आज दिनांक 18 नवंबर, 2026 को हिंदी एवं अंग्रेज़ी में संभाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान में तकनीकी विकास के साथ शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों की अपेक्षाएँ भी निरंतर बदल रही हैं। इसी संदर्भ में युवाओं के विचारों को अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘बदलती तकनीक, बदलती शिक्षा: शिक्षक और शिक्षण संस्थानों से विद्यार्थियों की अपेक्षाएँ’ विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में 23 छात्राओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्राओं ने कहा कि तकनीकी युग में असीमित सूचनाओं के जाल में उलझते विद्यार्थियों को एक सच्चे मार्गदर्शक की आवश्यकता है। तकनीक दुनिया से जोड़ सकती है, लेकिन अपनी जड़ों और मूल्यों से जोड़ने में शिक्षक की भूमिका महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों को कौशल विकास के केंद्र तथा शिक्षकों को प्रेरणा, सहानुभूति और संवेदना का संचार करने वाले मार्गदर्शक के रूप में विकसित करने की अपेक्षा व्यक्त की।
प्रतियोगिता में भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सरला शर्मा एवं अभिव्यक्ति क्लब की अंग्रेज़ी संयोजक डॉ. स्वाती धनवानी निर्णायक रहीं। उन्होंने छात्राओं को विषय से संबंधित महत्त्वपूर्ण सुझाव दिए। क्लब की हिंदी संयोजक डॉ. धर्मा यादव ने छात्राओं की सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया, वहीं क्लब सदस्य डॉ. स्वाति चौधरी ने छात्राओं को क्लब की आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। द्विभाषी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट अभिव्यक्ति कौशल के लिए सवालिया सुल्ताना, काव्या चौधरी, कनिष्का सोनी, याशिका लालवानी, एकता कुमावत एवं श्रेया माथुर को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में प्राध्यापिकाओं सहित लगभग 40 छात्राएँ उपस्थित रहीं।