संविधान दिवस पर संगोष्ठी, समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय एवं कल्याण पहुँचाने का आह्वान
संविधान दिवस के अवसर पर कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर में शांति एवं अहिंसा निदेशालय, राजस्थान सरकार के सहयोग से ‘भारतीय संविधान-मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्य’ विषय पर दिनांक 26 नवंबर, 2026 को संविधान जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास तथा मुख्य वक्ता डॉ. भीमराव अम्बेडकर विधि विश्वविद्यालय, जयपुर की कुलगुरु प्रो. निष्ठा जसवाल थीं। कार्यक्रम में महाविद्यालय निदेशक डाॅ. रश्मि चतुर्वेदी उपस्थिति के साथ ही कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात माँ शारदा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। शांति एवं अहिंसा निदेशालय के निदेशक श्री अजय असवाल, आईएएस ने अपने स्वागत अभिभाषण में मुख्य अतिथि, मुख्य वक्ता सहित सभी मंचासीन अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगोष्ठी के आयोजन के उद्देश्य और महत्व को रेखांकित किया। इसके पश्चात शासन सचिव, शांति एवं अहिंसा विभाग, डॉ. आरुषि अजेय मलिक, आईएएस ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन किया। मुख्य वक्ता प्रो. निष्ठा जसवाल ने अपने उद्बोधन में भारतीय ज्ञान परंपरा और ऋग्वेद के संदर्भों के माध्यम से सामूहिकता, संगठन और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मौलिक अधिकार व्यक्ति की गरिमा एवं स्वतंत्रता की रक्षा करते हैं, वहीं मौलिक कर्तव्य नागरिकों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराते हैं। उन्होंने 42वें संविधान संशोधन द्वारा मौलिक कर्तव्यों को संविधान में सम्मिलित किए जाने तथा 86वें संविधान संशोधन, 2002 के माध्यम से 11वें मौलिक कर्तव्य को जोड़े जाने का उल्लेख किया। उन्होंने सामाजिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्वों के निर्वहन पर बल देते हुए अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से मौलिक कर्तव्यों की प्रासंगिकता को भी अभिव्यक्त किया। डॉ. आरुषि अजेय मलिक ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन और विचारों के उदाहरणों के माध्यम से संविधान के महत्व को स्पष्ट किया। उन्होंने रेखांकित किया कि भारतीय संविधान की मूल भावना समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और उसे न्याय एवं समान अवसर उपलब्ध कराने में निहित है। डॉ. संजुला थानवी, डीन, फैकल्टी ऑफ लॉ एवं विभागाध्यक्ष, विधि विभाग, राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर ने मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के परस्पर संबंध पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि अधिकार और कर्तव्य एक-दूसरे के पूरक हैं तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए दोनों के बीच संतुलन आवश्यक है। मुख्य अतिथि श्री वी. श्रीनिवास ने अपने संबोधन में संविधान की व्यापकता, उसकी गतिशील प्रकृति तथा भारतीय लोकतंत्र में उसकी केंद्रीय भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने डॉ. बी.आर. अम्बेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए महिलाओं की प्रगति को समाज की उन्नति से जोड़ा। उन्होंने कहा कि मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और राज्य के नीति-निदेशक तत्वों को केवल संवैधानिक प्रावधानों तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करना आवश्यक है। संविधान की प्रस्तावना में निहित आदर्शों को लोकतांत्रिक जीवन का आधार बताते हुए उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं और अंगों के प्रति सम्मान बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि एक कल्याणकारी राज्य की सार्थकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक संरक्षण, न्याय और विकास के लाभ पहुँचाने में है। बदलते समय में प्रौद्योगिकी के अनुरूप स्वयं को विकसित करना भी प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में राजनीति विज्ञान विभाग की टीम ‘सी’ विजेता रही। टीम में एम.ए. राजनीति विज्ञान, सेमेस्टर प्रथम की वर्षा वर्मा तथा बी.ए., सेमेस्टर प्रथम की कुसुम शामिल थीं। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ संगोष्ठी का समापन हुआ।