यूआई/यूएक्स डिज़ाइन एवं प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग’ पर कार्यशाला आयोजित
कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय, जयपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग द्वारा 16 अक्टूबर, 2026 को यूआई/यूएक्स डिज़ाइन एवं प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को यूज़र इंटरफेस (यूआई), यूज़र एक्सपीरियंस (यूएक्स) डिज़ाइन तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टूल्स के प्रभावी उपयोग के लिए प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग की बुनियादी अवधारणाओं से परिचित कराना था। कार्यशाला में कुल 89 छात्राओं ने भाग लिया। कार्यशाला में ग्रेस सॉल्यूशंस के यूआई/यूएक्स डिज़ाइनर धनराज सिंह एवं तृप्ति मोदी ने विषय विशेषज्ञ के रूप में छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने उपयोगकर्ता-अनुकूल डिजिटल इंटरफेस तैयार करने, बेहतर यूज़र एक्सपीरियंस विकसित करने तथा प्रभावी प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग के माध्यम से एआई टूल्स से उपयोगी परिणाम प्राप्त करने के तरीकों पर प्रकाश डाला। सत्र में रचनात्मक समस्या-समाधान और डिजिटल क्षेत्र में उभरते करियर अवसरों पर भी चर्चा की गई। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने कार्यशाला की सराहना करते हुए छात्राओं को नई तकनीकों को अपनाने, रचनात्मक सोच विकसित करने और एआई आधारित टूल्स का प्रभावी उपयोग करके नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विभागाध्यक्ष डॉ. जयन्ती गोयल ने कंप्यूटर साइंस शिक्षा में उभरती तकनीकों के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का मंच संचालन छात्रा वालिनी ओझा ने किया। अंत में प्राध्यापिका स्वाति शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभाग की प्राध्यापिकाओं दीपा चौहान, डॉ. शिल्पा पारीक, स्वाति शर्मा, कोमल शर्मा एवं हर्षिता वर्मा की सक्रिय भूमिका रहीं।