तकनीकी एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में अध्ययन-अध्यापन की बदलती चुनौतियों पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

तकनीकी एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में अध्ययन-अध्यापन की बदलती चुनौतियों पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर एवं सोशल साइंस रिसर्च एंड एकेडमिक नेटवर्क, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में 23 नवंबर 2026 को ‘तकनीकी व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के वर्तमान परिदृश्य में अध्ययन-अध्यापन: अपेक्षाएँ, आवश्यकताएँ और चुनौतियाँ’ विषय पर एक दिवसीय मंथन एवं विमर्श कार्यशाला का आयोजन किया गया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने स्वागत वक्तव्य में कहा कि तकनीकी विकास एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते प्रभाव ने शिक्षा के स्वरूप, शिक्षण पद्धतियों तथा शिक्षक की भूमिका में व्यापक परिवर्तन किए हैं। ऐसे में शिक्षा जगत की बदलती अपेक्षाओं, आवश्यकताओं एवं चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से छात्राओं, प्राध्यापिकाओं एवं विषय विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान किया गया। कार्यशाला में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों की लगभग 35 छात्राओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। छात्राओं ने शिक्षकों एवं शिक्षण संस्थानों से अपनी अपेक्षाओं के साथ असाइनमेंट, इंटर्नशिप और परीक्षा प्रणाली से संबंधित जिज्ञासाएँ भी प्रस्तुत कीं। उन्होंने तकनीकी युग में शिक्षक की मार्गदर्शक एवं प्रेरक भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया। इसी क्रम में प्राध्यापिकाओं ने भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग से जुड़े अपने अनुभवों एवं चुनौतियों पर विचार व्यक्त किए। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में एआई के प्रभावी एवं सार्थक उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों के रूप में प्रो. विनोद कुमार भारद्वाज, प्रो. सुरेश देमन, डॉ. हिमानी तिवारी, प्रो. आशीष व्यास, डॉ. राजेश कुमार यादव, प्रो. श्रुति गुप्ता, डॉ. स्वाति जैन एवं डॉ. श्वेता खंडेलवाल ने अपने विचार साझा करते हुए विषय के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। महाविद्यालय निदेशक डॉ. रश्मि चतुर्वेदी एवं प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने आयोजन में मार्गदर्शक भूमिका निभाई। उन्होंने तकनीक और मानवीय मूल्यों के संतुलित समन्वय के साथ भविष्य की शिक्षा की दिशा पर विचार करने हेतु प्रेरित किया। कार्यशाला में तकनीकी नवाचारों के साथ शिक्षा की गुणवत्ता, मानवीय संवेदनाओं, आलोचनात्मक चिंतन तथा शिक्षक की बदलती भूमिका जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर सार्थक विमर्श हुआ।