गांधी जयंती पर भजन प्रस्तुति और पुस्तक प्रदर्शनी का हुआ आयोजन
2 अक्टूबर, 2026 को कानेाड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर में गांधी जयंती मनाई गई। इस अवसर पर भजन प्रस्तुति कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें महाविद्यालय की छात्राओं ने वैष्णव जन तो तैने कहिए…हे राम आदि सुंदर भजन सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय निदेशक, डॉ. रश्मि चतुर्वेदी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में गांधीजी के व्यक्तित्व और उनके विचारों की विशिष्टता को रेखांकित किया। उन्होंने सत्याग्रह को आत्म-संकल्प और दृढ़ निश्चय से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को गांधीजी के आदर्शों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर महाविद्यालय के पुस्तकालय में दो दिवसीय ‘गांधी साहित्य पुस्तक प्रदर्शनी’ का भी आज शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने किया। छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने गांधी जयंती को गणतंत्र दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस की भाँति भारत का राष्ट्रीय पर्व बताया और महात्मा गांधी के विचारों से सीख लेने का संदेश दिया। इस आयोजन में उप-प्राचार्य डॉ. रंजुला जैन, डॉ. मनीषा माथुर एवं डॉ. रंजना अग्रवाल सहित प्राध्यापिकाओं ने एवं बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपर्वूक भाग लिया। साथ ही गांधी जयंती के उपलक्ष्य में महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना ईकाइयों द्वारा स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) 2026 अभियान के अंतर्गत दिनांक 1 अक्टूबर 2026 को स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान गतिविधि का आयोजन किया गया। इस दौरान परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता कार्य करते हुए प्लास्टिक कचरे का संग्रहण एवं उचित निस्तारण किया गया। स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।