कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय की छात्राओं का औद्योगिक भ्रमण
दिनांक 27.11.2026 को कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर के जीपीईएम एवं कम्युनिटी एंड एप्लाइड सांइस (गृह विज्ञान) विभाग द्वारा छात्राओं को वस्त्र छपाई उद्योग की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से आर.आर. फेब्रिक्स सांगानेर, जयपुर का औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस भ्रमण में कुल 39 छात्राओं ने सहभागिता की। भ्रमण के दौरान आर.आर. फेब्रिक्स के मालिक एवं विशेषज्ञ श्री हिमांशु बोलिया ने छात्राओं को ब्लॉक प्रिंटिंग की विभिन्न तकनीकों, डिजाइन निर्माण, रंगों के प्रयोग तथा वस्त्र छपाई की प्रक्रियाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। छात्राओं ने कपड़े पर डिजाइन की छपाई, ब्लॉक के उपयोग, रंगों के संयोजन तथा प्रिंटिंग के विभिन्न चरणों को नजदीक से देखा और समझा। साथ ही, छात्राओं ने स्वयं कपड़े पर प्रिंटिंग का एक नमूना भी तैयार किया, जिससे उन्हें इस प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। यह औद्योगिक भ्रमण विभाग की शिक्षिकाओं डॉ. सुरभि माथुर एवं श्रीमती पापिया बनर्जी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने सदैव छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की शैक्षणिक एवं व्यावहारिक गतिविधियों के आयोजन हेतु प्रेरणा दी। इस भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा टेक्सटाइल उद्योग की तकनीकों एवं कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।