कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय में दो दिवसीय ‘कानोड़िया फिएस्टा 2026’ का भव्य शुभारंभ

कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय में दो दिवसीय ‘कानोड़िया फिएस्टा 2026’ का भव्य शुभारंभ
कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर में दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय ‘कानोड़िया फिएस्टा 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में लघु उद्योग भारती, जगतपुरा महिला इकाई की अध्यक्ष एवं जयपुर प्रांत की कौशल प्रभारी श्रीमती वैशाली वशिष्ठ उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं को उद्यमिता के प्रति प्रोत्साहित करने तथा भविष्य में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि ‘कानोड़िया फिएस्टा 2026’ का आयोजन महाविद्यालय के उद्यमिता विकास केंद्र एवं सुकृति-आर्ट एंड क्राफ्ट क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है। इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं की रचनात्मकता को मंच प्रदान करना तथा उनमें उद्यमशीलता, व्यावसायिक दक्षता एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है। ‘कानोड़िया फिएस्टा 2026’ कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा हस्तनिर्मित उत्पादों, सजावटी वस्तुओं, मोमबत्तियों, चॉकलेट, ज्वैलरी, टेक्सटाइल उत्पादों, ऑर्गेनिक दिवाली डेकोर, टैटू आर्ट एवं विभिन्न खाद्य पदार्थों सहित अनेक आकर्षक उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉल्स में छात्राओं की कलात्मक प्रतिभा, नवाचार और व्यावसायिक सोच का सुंदर समन्वय देखने को मिला। सेंटर फॉर एन्टरप्रिन्योरशिप एण्ड डवलपमेंट की संयोजिका डॉ. प्रियंका खुराना एवं सुकृति-आर्ट एंड क्राफ्ट क्लब संयोजिका डॉ. विष्णु प्रिया टेमाणी ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से छात्राओं को कॉस्ट मैनेजमेंट, मूल्य निर्धारण, मार्केटिंग स्किल्स, ग्राहक संतुष्टि एवं उत्पाद प्रस्तुतीकरण जैसे महत्वपूर्ण उद्यमिता कौशल का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ जिससे छात्राओं को अपने कौशल को व्यावसायिक अवसरों में परिवर्तित करने तथा स्वरोजगार की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम में महाविद्यालय की लगभग 90 छात्राओं द्वारा उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 50 स्टॉल्स लगाए गए। इस आयोजन ने छात्राओं को सृजनात्मकता, उद्यमशीलता एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।