ओपन एण्ड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) पर इंडक्शन एंड ओरिएंटेशन कार्यक्रम
कनोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर में दिनांक 4 नवंबर 2026 को केंद्रीय विश्वविद्यालय, राजस्थान के साथ हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के अंतर्गत ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) पर इंडक्शन एण्ड ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने मुख्य वक्ता डॉ. ममता भाटिया, वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), क्षेत्रीय केंद्र, जयपुर एवं केंद्रीय विश्वविद्यालय, राजस्थान अजमेर की टीम, प्रो. ओ. पी. देवल, निदेशक, ओडीएल, डॉ. अमित कुमार, प्रबंधन विभाग, श्री रूपेंद्र सिंह राठौड़, कंप्यूटर साइंस विभाग एवं सुश्री छाया दधवाल, अर्थशास्त्र विभाग का स्वागत करते हुए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात प्रो. ओ. पी. देवल, निदेशक, ओपन एण्ड डिस्टेंस लर्निंग ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा इस पहल के उदेश्यों, संस्थागत सहयोग एवं शैक्षणिक परामर्शदाता (एकेडमिक काउसंलर) के रूप में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. ममता भाटिया ने अपनी ज्ञानवर्धक प्रस्तुति में मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा की अवधारणा, विकास यात्रा, मूलभूत सिद्धांतों एवं वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने इसके छः प्रमुख मूल्यों-खुलापन, लचीलापन, किफायती शिक्षा, समावेशिता, आजीवन सीखना एवं उत्कृष्टता की विस्तार से व्याख्या की। कार्यक्रम में कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर के लगभग 35 संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वक्तव्य के पश्चात आयोजित संवादात्मक सत्र में महाविद्यालय के संकाय सदस्यों ने शैक्षणिक परामर्शदाता की भूमिका, पाठ्यक्रम संरचना, पंजीकृत छात्राओं को सहयोग की संभावनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे। प्रो. ओ. पी. देवल ने सभी प्रश्नों का उत्तर देते हुए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम ज्ञानवर्धक एवं संवादपरक रहा। यह पहल गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं लचीली उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा संस्थागत शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही।