Dandiya Utsav 2026

कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय में डांडिया की धूम, 2000 छात्राओं ने गरबा-डांडिया से बांधा समां कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय में 17 अक्टूबर को डांडिया उत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी लगभग 2,000 छात्राओं ने उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लिया और डांडिया की खनक से माहौल को जीवंत बना दिया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने प्राध्यापिकाओं के साथ डांडिया उत्सव में भाग लिया और छात्राओं को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध गायिका मधु भाट ने अपनी संगीतमय प्रस्तुति से समां बांध दिया। लाइव म्यूजिक की धुनों पर छात्राओं ने जमकर डांडिया किया। इस आयोजन की तैयारी के लिए नृत्यम डांस क्लब द्वारा 10 दिवसीय डांडिया कार्यशाला आयोजित की गई थी। कार्यशाला में छात्रा एवं नृत्य निर्देशक पलक वाधवा ने छात्राओं को डांडिया नृत्य का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षित छात्राओं ने ‘ढोली रा’, ‘गरबे की रात’ और ‘चौगाड़ा तारा’ सहित विभिन्न गुजराती एवं बॉलीवुड गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। उत्सव के दौरान विभिन्न श्रेणियों में छात्राओं का चयन कर उन्हें सम्मानित किया गया। माही सोनी को ‘डांडिया क्वीन’ और पलक अग्रवाल को ‘बेस्ट डांसर’ चुना गया। वहीं, शरनजीत कौर को ‘बेस्ट अटायर’, नेहा शर्मा को ‘बेस्ट हेयर-डू’ और प्राची राठी को ‘बेस्ट ज्वैलरी’ का पुरस्कार दिया गया। प्राध्यापिकाओं में डॉ. दमयंती सोढ़ा, डॉ. रीमा श्रीवास्तव, डॉ. हर्षा शर्मा, भव्या पुरी एवं शुभी शर्मा को ‘बेस्ट अटायर’ श्रेणी में सम्मानित किया गया और अशैक्षणिक कर्मचारियों में नीलू कंवर, बसंती कंवर, कविता शर्मा एवं प्रकाश कंवर को भी इस श्रेणी में पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेताओं को महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल, उप-प्राचार्य डॉ. रंजुला जैन, डॉ. मनीषा माथुर एवं डॉ. रंजना अग्रवाल ने पुरस्कृत किया। आयोजन के प्रायोजक डाइट विक्चुअल्स के साथ आरवी एसेंशियल्स, राधे गोविंद हैंडीक्राफ्ट्स, इम्पीरियल सेल्स एजेंसीज और भाग्योदय प्रकाशन ने पुरस्कार प्रदान करने में सहयोग दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन छात्राओं कशिश गौड़, हुदा एजाज़ एवं श्रेया माथुर ने किया। उत्सव के दौरान हस्तनिर्मित उत्पादों, सजावटी वस्तुओं और खान-पान से संबंधित कुल 24 स्टॉल भी लगाई गईं, जहां छात्राओं एवं अन्य उपस्थित लोगों ने खरीदारी और खान-पान का आनंद लिया।