नारीवादी आलोचना विषय पर दो दिवसीय शोध पत्र प्रस्तुतिकरण कार्यक्रम आयोजित
कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर के अंग्रेज़ी विभाग द्वारा एम.ए. सेमेस्टर तृतीय की छात्राओं के लिए दिनांक 15 एवं 16 अक्टूबर 2026 को नारीवादी आलोचना विषय पर दो दिवसीय शोध पत्र प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आलोचनात्मक चिंतन, शोधपरक दृष्टिकोण तथा साहित्यिक कृतियों के नारीवादी विश्लेषण की समझ विकसित करना था। कार्यक्रम में महाविद्यालय निदेशक डॉ. रश्मि चतुर्वेदी एवं प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा शोध एवं अकादमिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। निदेशक डॉ. रश्मि चतुर्वेदी ने छात्राओं को नारीवादी आलोचना के प्रमुख सिद्धांतकारों और महत्वपूर्ण पुस्तकों से परिचित कराया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न साहित्यिक कृतियों का नारीवादी दृष्टिकोण से विश्लेषण प्रस्तुत किया। इनमें चित्रा बनर्जी की द पैलेस ऑफ इल्यूजन्स, एलिस वॉकर की द कलर पर्पल तथा बामा की आत्मकथात्मक कृति करुक्कु प्रमुख रहीं। प्रस्तुतियों में स्त्री अस्मिता, पितृसत्तात्मक संरचनाओं, लैंगिक भेदभाव, सामाजिक असमानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। छात्राओं ने साहित्यिक पाठों के माध्यम से स्त्री के संघर्ष, प्रतिरोध और स्वतंत्रता के विभिन्न आयामों को रेखांकित किया। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में कुल 30 छात्राओं ने सहभागिता की। शोध पत्र प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्राओं को साहित्यिक सिद्धांतों को व्यावहारिक रूप से समझने, अपने विचारों को अकादमिक रूप में प्रस्तुत करने तथा समकालीन सामाजिक एवं लैंगिक प्रश्नों पर आलोचनात्मक दृष्टि विकसित करने का अवसर प्राप्त हुआ।