कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय में हुआ क्लब गतिविधियों का आयोजन
कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर के वेलनेस क्लब एवं स्वरांचल म्यूजिक क्लब के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को अंताक्षरी गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में संगीत के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन एवं तनाव मुक्ति को प्रोत्साहित करना था। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने इस गतिविधि की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक एवं मनोरंजक आयोजन छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उप-प्राचार्य डॉ. मनीषा माथुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंताक्षरी के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आपसी सहयोग एवं टीम भावना विकसित करने तथा दैनिक शैक्षणिक व्यस्तताओं से कुछ समय निकालकर तनाव मुक्त वातावरण में आनंद लेने का अवसर मिला। कार्यक्रम ने छात्राओं में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं पारस्परिक सौहार्द को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वेलनेस क्लब की सदस्य डॉ. स्वाति धनवानी, डॉ. मृणाली कांकर, डॉ. चेतना शर्मा एवं डॉ. रेणु शक्तावत , स्वरांचल म्यूजिक क्लब एवं संगीत विभाग से वर्षा विजय भूमिका रही। इसमें कुल 27 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रचनात्मक लेखन क्लब के तत्वावधान में ‘नयन से सृजन तक’ चित्र देखो, कविता/कहानी लिखो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मक लेखन, कल्पनाशीलता एवं साहित्यिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिए गए चित्र के आधार पर हिंदी एवं अंग्रेजी में स्वरचित कविताओं और कहानियों की रचना कर अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। हिंदी कविता लेखन प्रतियोगिता में बी.एससी. बायोटेक्नोलॉजी (सेमेस्टर तृतीय) की छात्रा स्वालिया सुल्ताना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बी.एससी. बायोलॉजी (सेमेस्टर प्रथम) की छात्रा स्नेहा शर्मा द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि बी.ए. (सेमेस्टर प्रथम) की छात्रा अंकिता मीणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हिंदी कहानी लेखन प्रतियोगिता में बी.एस.सी. बायोलॉजी (सेमेस्टर तृतीय) की छात्रा शैल्ली मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बी.ए. (सेमेस्टर तृतीय) की छात्रा मनजीत कौर द्वितीय स्थान पर रहीं। बी.ए. (सेमेस्टर प्रथम) की छात्राएँ अर्पिता गुर्जर एवं चेतना शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। अंग्रेजी कविता लेखन प्रतियोगिता में बी.ए. मनोविज्ञान (सेमेस्टर प्रथम) की छात्रा नित्या जोशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बी.ए. मनोविज्ञान ऑनर्स (सेमेस्टर प्रथम) की छात्रा नंदिनी अहीर द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि बी.ए. अंग्रेजी (सेमेस्टर प्रथम) की छात्रा शिवानी मीणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंग्रेजी कहानी लेखन प्रतियोगिता में बी.ए. अंग्रेजी (सेमेस्टर प्रथम) की छात्रा अनुषा सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इसी कक्षा की छात्रा पायल मीणा द्वितीय स्थान पर रहीं। साक्षी चौधरी, बी.ए. अंग्रेजी (सेमेस्टर प्रथम), एवं गरिमा शर्मा, बी.एस.सी. बायोलॉजी (सेमेस्टर प्रथम), भी कहानी लेखन प्रतियोगिता की विजेता सूची में शामिल रहीं। इस आयोजन के माध्यम से महाविद्यालय में रचनात्मक लेखन एवं साहित्यिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल की गई।