राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) दिवस के अवसर पर कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाईयों द्वारा राजस्थान स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी के तत्वावधान में सुमन ब्लड बैंक सेंटर के सहयोग से महाविद्यालय परिसर में 24 सितंबर, 2026 को रक्तदान शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आँचल पुरी ने स्वयंसेविकाओं को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली एवं सामाजिक महत्व की जानकारी प्रदान की। उन्होंने पूरे वर्ष एनएसएस के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों जैसे स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान, महिला सशक्तिकरण, सड़क सुरक्षा, मतदाता जागरूकता एवं विशेष शिविर आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इसी क्रम में पोषण पखवाड़े के अंतर्गत जागरूकता सत्र का भी आयोजन किया गया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने स्वयंसेविकाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा संतुलित आहार को अपनी दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। रक्तदान शिविर का उद्देश्य छात्राओं एवं महाविद्यालय के कर्मचारियों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा समाज सेवा की भावना को बढ़ावा देना था। सुमन ब्लड बैंक सेंटर से आए चिकित्सकीय दल द्वारा रक्तदाताओं की प्रारंभिक एवं हीमोग्लोबिन की जांच की गई। योग्य एवं इच्छुक छात्राओं तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। कार्यक्रम में लगभग 300 से अधिक छात्राओं एवं महाविद्यालय के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैम्प में 35 यूनिट रक्तदान किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्वयंसेविकाओं ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि एनएसएस की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता से उनमें नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, अनुशासन, संवाद कौशल, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं आत्मविश्वास का विकास हुआ है। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आँचल पुरी, डॉ. विजयलक्ष्मी गुप्ता, डॉ. हर्षा शर्मा, चारूल शर्मा, डॉ. मंजरी भारद्वाज और डॉ. दीप्ति चौहान के मार्गदर्शन में हुआ।