Spic Macay

स्पिक मैके संस्था युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयत्नशील रहती है। इसी कड़ी में इंटरनेशनल डांस डे के उपलक्ष में चल रहे डांस सर्किट में स्पिक मेके जयपुर चैप्टर की ओर से कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय, जयपुर में छात्राओं को नृत्य कला से रूबरू करवाने तथा भारतीय कला एवं संस्कृति के संवर्धन हेतु राष्ट्रीय पुरस्कार उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा अवार्ड प्राप्त मशहूर नृत्यांगना डॉ. अनवेशा महंता ने सत्रिय नृत्य की प्रस्तुति दी। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया और स्पिक मैके संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को इस तरह की गतिविधियों के महत्व को समझाया। सुप्रसिद्ध डॉ. अनवेशा महंता ने शुरुआत में सत्रिय नृत्य के उद्गम के बारे में बताया। उन्होंने बताया इस नृत्य शैली का नाम “सत्रिय“ किस प्रकार पड़ा। उसके बाद उन्होंने राम नाम के स्मरण से अर्चना करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने “शुद्ध नृत्य“ के महत्व के बारे में बताया जो किसी भी नृत्य शैली के लिए अत्यंत जरूरी है। उन्होंने सत्रिय नृत्य की बारीकियाँ, हस्त संचालन एवं पद संचालन का महत्व व अर्थ बताते हुए नृत्य कर सभी का मन मोह लिया एवं कृष्ण लीला की भावपूर्ण प्रस्तुति से उपस्थित दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। उन्होंने सत्रिय राग के बारे में समझाया एवं बताया कि सत्रिय नृत्य में भगवान विष्णु के 10 अवतारों का विभिन्न कहानियां द्वारा वर्णन किया जाता है । उन्होंने कार्यक्रम में कृष्ण के बाल रूप की विभिन्न कहानियों को नृत्य के माध्यम से दर्शकों को दिखाया। उन्होंने “गोविंद दूध पियो“ की बोल पर माता के साथ की गई उनकी लीला नृत्य के द्वारा दिखाकर कर सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। इसी कड़ी में पूतना वध का संपूर्ण वर्णन उन्होंने अपने नृत्य के द्वारा किया। अंत में उन्होंने बताया की पूरी प्रस्तुति में उन्होंने संपूर्ण प्रकृति को दर्शाया है। इस प्रस्तुति में उनकी खोल पर हरिप्रसाद सांखियां, गायन में गौतम बयन एवं बांसुरी पर प्रसन्न बरुह ने संगत दी। कार्यक्रम के पश्चात छात्राओं ने कलाकारों से संवाद किया व गहन जानकारियाँ प्राप्त की। इस अवसर पर उप-प्राचार्य डॉ. सुनीता माथुर, डॉ. रंजना अग्रवाल तथा 200 छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में प्राध्यापिकाएँ उपस्थिति रही। कार्यक्रम में स्पिक मैके जयपुर चैप्टर के श्री अजीत पंडित मौजूद रहे। स्पिक मैके जयपुर चैप्टर की कोऑर्डिनेटर एवं महाविद्यालय की डॉ. मृणाली कांकर, सहायक आचार्य (वाणिज्य) ने इस आयोजन का सफल समन्वय किया एवं कार्यक्रम के अंत में उप-प्राचार्य डॉ. रंजना अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मंच का सफल संचालन महाविद्यालय की डॉ विष्णुप्रिया टेमाणी, सहायक आचार्य (वाणिज्य) ने किया।